छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
- फोटो : फाइल
सोनीपत में राई थाना क्षेत्र स्थित विश्वविद्यालय के छात्र की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। छात्र विवि के पास निर्माणाधीन सड़क पर बेसुध पड़ा था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना के बाद पहुंची राई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुजरात के वडोदरा का रहने वाला संस्कार (20) राई क्षेत्र के विवि में दूसरे वर्ष का छात्र था। उनकी बहन भी विवि में प्रोफेसर है और दिल्ली में रहती है। वह रविवार को अपनी बहन के पास गए थे। देर शाम वह दिल्ली से विवि लौटे थे। बाद में वह विवि के पास निर्माणाधीन सड़क पर बेसुध पड़े मिले। विवि के सिक्योरिटी स्टाफ ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। विवि ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। राई थाना की ओपी जिंदल ग्लोबल विवि चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में रखवा दिया और परिजनों को अवगत कराया।
छात्र के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। वहीं उसके चचेरे भाई सिद्धार्थ ने छात्र के परेशान होने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि विवि में छात्र के साथ रैगिंग की जा रही थी। उसने मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उसने विवि प्रबंधन से भी मामले की तह तक जाने की मांग की है जिससे सच्चाई सामने आ सके।
राई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार का कहना है कि छात्र बेसुध मिला था। उसे विवि के सुरक्षाकर्मी एंबुलेंस में अस्पताल लेकर आए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके शरीर पर किसी तरह का कोई निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रैगिंग को लेकर लिखित में शिकायत मिलती है तो गहनता से जांच की जाएगी। मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी।