दिल्ली-अंबाला रेलवे लाइन पर आधा दर्जन हथियारबंद युवकों ने ऊंचाहार एक्सप्रेस की सामान्य बोगी में सवार यूपी के पांच युवकों को लूट लिया। लूट की यह वारदात सोनीपत व नरेला के बीच मंगलवार सवा आठ बजे के बाद अंजाम दी गई। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने की पुलिस ने जीरो एफआईआर कर बुधवार को रिपोर्ट सोनीपत भेजी। सोनीपत जीआरपी थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक यूपी के चित्रकूट निवासी रामकिशोर ने शिकायत दी है कि वह अपने चार साथियों सहित चंडीगढ़ स्थित एक कंपनी में काम करता है। मंगलवार को इलाहाबाद जा रही ऊंचाहार एक्सप्रेस गाड़ी नंबर 4218 में वह घर जा रहे थे। पांचों साथी पीछे की तरफ ट्रेन के गार्ड यान से लगती सामान्य बोगी में सवार थे। गाड़ी सवा आठ बजे सोनीपत रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुई। नरेला के नजदीक गाड़ी में ही सवार आधा दर्जन युवकों ने उन्हें चाकू दिखाकर काबू कर लिया और तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे वे चुप रहे। इसके बाद किसी के 10 हजार तो किसी के 5 हजार कुल 21 हजार रुपये लूट लिए। जब गाड़ी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रुकी तो आरोपी फरार हो गए। गाड़ी में सवार दूसरी सवारियों ने भी उनकी मदद नहीं की।
दिल्ली में हुई जीरो एफआईआर, आज पहुंची रिपोर्ट
जीआरपी सोनीपत थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि यात्रियों ने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाने में शिकायत दी थी। वहां से कल फोन तो आ गया था, लेकिन एफआईआर की कॉपी आज पहुंची है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ में स्टेशन पर चेकिंग व सुरक्षा भी बढ़ा दी है।