मुरथल रोड स्थित एक गार्डन में शादी समारोह के दौरान चोर भी बारातियों की तरह सूट पहनकर आया और वहां से शादी के शगुन के जेवर व नकदी से भरा बैग चोरी करके निकल गया। शगुन के जेवर व रुपयों का बैग चोरी होने से अफरा-तफरी मच गई और इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने गार्डन में लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखी तो चोरी करने वाले का पता चल गया, जिसको पुलिस तलाश रही है।
सेक्टर-14 निवासी राजेश ने सदर थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया कि पांच फरवरी को उसकी बहन की शादी थी। शादी समारोह का आयोजन मुरथल स्थित एक गार्डन में किया गया था। शादी में शगुन से भरा बैग अपनी मां को दे दिया और उसकी मां ने बैग को साइड में रखी कुर्सी पर रख दिया। कुछ ही देर बाद बैग कुर्सी से गायब मिला, जिसे काफी देर तक तलाश किया गया, लेकिन बैग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोर की तलाश शुरू कर दी गई।
आटो में मिला खाली बैग
सदर थाना प्रभारी रामबीर ने बताया कि चोरी हुआ बैग मामा-भांजा चौक पर एक आटो में मिला जो खाली है। बैग में एक पर्ची पर फोन नंबर लिखा हुआ था। इस पर ऑटो चालक ने बैग की जानकारी दी। बैग की जांच करने पर पाया कि बैग में रखा शगुन का सारा सामान गायब है। पीड़ित ने बैग मिलने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ऑटो चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके ऑटो में कई सवारियां बैठी थीं। ऑटो खाली होने पर देखा तो एक बैग ऑटो में मिला। इसके अंदर एक पर्ची पर मोबाइल नंबर लिखा हुआ था।
शादी समारोह में चोरी की सूचना मिली थी, सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बैग उठाते हुए देखा गया है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। खाली बैग मामा-भांजा चौक पर एक ऑटो में मिला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
-रामबीर, सदर थाना प्रभारी।