हरियाणा के सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के गांव गांव सनपेड़ा निवासी हरियाणा पुलिस के एसआई के बेटे को कनाडा के रिजॉर्ट में कैशियर की नौकरी दिलवाने के नाम पर 16 लाख रुपये की ठगने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने मामले की शिकायत थाना बड़ी पुलिस को दी है।
गांव सनपेड़ा निवासी बलवान सिंह ने पुलिस को बताया कि वह हरियाणा पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर पानीपत में नियुक्त हैं। उनके बेटे अंकित ने फेसबुक पर राहुल जट के नाम से एक विज्ञापन देखा था। इसमें लिखा था कि उन्हें कनाडा में एक रिजॉर्ट में कैशियर की पोस्ट के लिए दो युवकों या युवतियों की आवश्यकता है।
जिसके लिए पीआर वीजा के लिए कोई पैसा नहीं लगेगा तथा वीजा का पैसा उनके वेतन से ही कटेगा। विज्ञापन देखने के बाद उसके बेटे ने राहुल जट से संपर्क किया तो उसने अपनी बुआ के बेटे मोहित का मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद मोहित ने उनके बेटे को अपने झांसे में ले लिया।
उन्होंने नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए, लेकिन उसके बेटे को नौकरी नहीं दिलवाई। इसके बाद उन्होंने अपनी बहन सोनल सैनी व ताऊ के बेटे राहुल कुमार से उनका संपर्क करवाया। उन्होंने भी इस मामले में उनके साथ ठगी की।
आरोप है कि चारों आरोपियों ने मिलकर उनसे करीब 16 लाख रुपये ठग लिये। उसके बाद भी नौकरी पर नहीं भेजा गया। अब आरोपी उन्हें न तो रुपये वापस कर रहे हैं और वर्क वीजा पर कनाडा भेजने के लिए भी मना कर चुके हैं। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।