बरोदा थाना क्षेत्र के गांव राणा खेड़ी में बच्चों की कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया है कि एक परिवार ने दूसरे पर हमला बोल दिया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में कुल 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 13 दिसंबर को गांव राणा खड़ी निवासी प्रकाश व माईराम के परिवार के बच्चों की आपस में कहासुनी हो गई। बच्चों की लड़ाई बड़ों तक पहुंच गई तथा इस मामले में रणपत को गहरी चोर्टें आइं, जिसने उपचार के दौरान पीजीआई रोहतक में दम तोड़ दिया। पुलिस को दिए बयान में रणपत के भाई प्रकाश ने बताया कि वीरवार की देर शाम अपने भाई रणपत के मकान पर गया हुआ था। इसी बीच वहां पर रोशन, ऋषि व अमिताभ सहित 17-18 लोग लाठी, डंडों व तेज धार हथियारों से लैस होकर पहुंचे। आरोपियों ने घर पर पहुंचते ही रणपत, उसकी पत्नी सरोज, पिता नन्हा राम व प्रकाश पर हमला कर दिया। बीच बचाव के लिए आए रणपत के भाई रामकिशन पर भी हमला कर दिया।
हमले में पांचों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें परिजन व ग्रामीण सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। उसने बताया कि सरकारी अस्पताल से उन्हे खानपुर कलां के बीपीएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रोहतक के पीजीआई रेफर कर दिया। वहां पर चिकित्सकों ने रणपत को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायल उपचाराधीन हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस प्रकाश की शिकायत पर रोशन, उसके बेटे अमिताभ, राजा, विक्रम व ऋषि, आजाद, पप्पू, सुभाष, वेदपाल, महिपाल, दीपक, श्रवण, रविंद्र, मनीष, रवि, रामभगत, बंटी आदि के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।