हरियाणा के सोनीपत के गांव आहुलाना में बुजुर्ग ने गली में कुत्ते को डंडा मार रहे युवक को रोका तो उसने झगड़ा शुरू कर दिया। झगड़े की आवाज सुनकर जब बुजुर्ग का बेटा बीच बचाव करने के लिए आया तो आरोपी ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में उनका मोबाइल भी टूट गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत बरोदा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव आहुलाना निवासी अमित ने बरोदा थाना पुलिस को बताया कि वह फोटोग्राफी करता है। उनके पिता सुभाष घर से बाहर बनी चौपाल पर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी विजय गली में एक कुत्ते को डंडे से मार रहा था। उनके पिता ने उसे टोका तो वह गाली-गलौज करने लगा।
आवाज सुनकर वह घर से बाहर आया और विजय को समझाने लगा तो उसने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं डंडे से हमला कर दिया। डंडा लगने से जेब में रखा उसका मोबाइल टूट गया। वह उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा।
इस पर आसपास के लोगों एकत्रित हो गए और उन्होंने बीचबचाव किया। उन्होंने बरोदा थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।