गांव करेवड़ी के पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की हत्या करने के आरोपी अजय उर्फ कन्नू पर सोनीपत पुलिस ने 5 लाख रुपये का ईनाम रखा है। देर शाम पुलिस प्रवक्ता जगजीत सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि डीजीपी की ओर से जारी निर्देशों के बाद अजय उर्फ कन्नू निवासी करेवड़ी पर 5 लाख रुपये का ईनाम रखा गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जो कोई भी अजय के बारे में सूचना उपलब्ध कराकर उसे पकड़वाएगा, उसे ईनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम और पहचान गुप्त रखी जाएगी। बता दें कि अजय उर्फ कन्नू पर हाल ही तीन हत्या के आरोप लगे हैं। इसके बाद अजय पर 50 हजार रुपए का ईनाम रखा गया था, लेकिन चार दिन बाद भी आरोपी का कोई सुराग नहीं लगा है। इसी वजह से ईनाम को 10 गुणा बढ़ा दिया गया है।
पांच दिन में तीन हत्याएं
8 मई को गांव जाहरी में करेवड़ी निवासी वीरेंद्र और उसके दोस्त सुनील पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई थी। दोनों अपने दोस्त के भाई की शादी में बाराती बनकर गए थे। इस हमले में वीरेंद्र की मौके पर मौत हो गई थी। देर रात वारदात को अंजाम देने बाद पांचवें दिन ही हुल्लाहेड़ी मार्ग पर 12 मई को पिता-पुत्र जगबीर और अनिल की हत्या कर दी गई थी। तीनों हत्याओं के मामले में अजय उर्फ कन्नू तथा उसके साथियों को आरोपी बताया गया है। अजय के खिलाफ इससे पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
ये है आपराधिक रिकार्ड
हमले में आरोपी अजय उर्फ कन्नू का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर हत्या के प्रयास के पांच, लूट व अवैध शस्त्र के दो-दो मामले दर्ज है। अजय के खिलाफ सबसे पहले वर्ष 2009 में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ। इसके बाद इसी वर्ष हत्या प्रयास के कुल तीन और लूट के दो मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2012 में उसके खिलाफ अवैध शस्त्र के दो व हत्या प्रयास का एक मामला दर्ज हुआ था। पिछले महीने ही अजय व उसके साथी नीटू के खिलाफ गांव के सरपंच नरेंद्र ने उसके घर पर गोली चलाने का मामला दर्ज कराया था।