सोनीपत-मुरथल रोड स्थित बेंक्वेट हॉल में सोमवार रात एक शादी समारोह के दौरान भात के लाखों रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। इसके साथ ही चोरों ने आभूषणों पर से भी हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में तो कैद नहीं हुई, लेकिन तीन-चार संदिग्ध जरूर सीसीटीवी में आए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच के उपरांत मामला दर्ज कर लिया है।
आर्य नगर निवासी अमित कुमार ने शिकायत दी है कि सोमवार रात शादी समारोह के चलते वे लोग शुभम गार्डन में मौजूद थे। इसी दौरान भात के लिए 6.80 लाख रुपये और आभूषणों को एक बैग में रखा था। कुछ ही देर में बैग अपनी जगह से गायब मिला। तलाश करने पर भी बैग नहीं मिला। इसके बाद ही पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो सीसीटीवी फुटेज में तीन-चार संदिग्ध दिखाई दिए।
नाबालिग हैं चोर, पहले भी कर चुके हैं वारदात
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान काफी हद तक जाहिर हो रही है। इसी आधार पर पुलिस अधिकारी बता रहे हैं कि ये पूरा गिरोह काम करता है। जिसमें अधिकतर नाबालिग बच्चे होते हैं। गिरोह में हर एक की उम्र 15 से 20 वर्ष के करीब है। बताया गया है कि यह गिरोह पहले भी चोरी के कई मामलों में पकड़ा जा चुका है।
अमित की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही चोरी करने वालों को चोरी के सामान सहित काबू कर लिया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।
-अजय मलिक, प्रभारी, थाना सदर