थाना सदर क्षेत्र के एक गांव की युवती का अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अपहरणकर्ताओं को रुपये नहीं मिले तो उन्होंने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के चंगुल से युवती को बरामद कर लिया है। अपहरण करने के बाद आरोपियों ने उसे सेक्टर-15 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में छिपाकर रखा था। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है, जिससे मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें।
फिरौती में मांगे थे तीन लाख
थाना सदर के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने 20 फरवरी को पुलिस को बताया था कि उसकी छोटी बेटी शादीशुदा है। वह 18 फरवरी को घर से अचानक लापता हो गई। आसपास पता करने पर जानकारी मिली है कि विशाल नगर निवासी अनीश ने उसकी बेटी का अपहरण कर रखा है। इसी बीच आरोपी ने युवती के परिजनों से उसे छोड़ने की एवज में तीन लाख रुपये फिरौती की डिमांड की, जिस पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था।
आरोपी का था घर में आना-जाना
मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी युवक का शिकायतकर्ता के घर आना-जाना रहा है। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच करते हुए आरोपी अनीश को उसके साथी विशाल नगर के ही रिंकू के साथ हाउसिंग बोर्ड कालोनी, सेक्टर-15 से काबू कर लिया। पुलिस ने उस कमरे से ही युवती को भी बरामद कर लिया है। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है, जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का भी मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां उन्हें दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
स्कूटी पर लेकर गए थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती को उसके घर के पास से ही अपनी स्कूटी पर बैठाकर ले गए थे। आरोपियों ने उसे सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बंधक बनाकर रखा और उसके परिजनों से फिरौती की मांग की थी। वहीं, पर उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया।
युवती के परिजनों ने उसके अपहरण का मामला दर्ज कराया था। गहनता से जांच करते हुए दो आरोपियों को दबोचा गया। उनके कब्जे से युवती को बरामद कर लिया गया है। उसने दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
-प्रहलाद सिंह, सदर थाना प्रभारी