अस्पताल में दंत चिकित्सक का इलाज करते हुए स्वास्थ्य कर्मचारी।
- फोटो : bureau
दिन दहाड़े शहर के व्यस्त इलाके में कई युवकों ने एक डेंटल क्लीनिक में घुसकर तोड़-फोड़ की। हमलावरों ने क्लीनिक संचालक एवं दंत विशेषज्ञ दो सगे भाइयों पर लोहे की रॉड व डंडों से हमला बोल दिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पड़ोसियों ने घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया।
बस अड्डा के सामने महम-रोहतक रोड बाइपास पर पन्नू डेंटल अस्पताल है, जिसे दो सगे भाई दंत चिकित्सक डॉ. कुलदीप और डॉ. आजाद चलाते हैं। बुधवार सुबह दोनों चिकित्सक भाई अपने क्लीनिक पर आए तथा मरीजों को देखने लगे। इसी दौरान क्लीनिक के बाहर दो युवक आपस में गाली-गलौज करने लगे। इस पर डॉ. आजाद ने उनको ऐसा करने से मना किया तो उस पर टूट पड़े। पड़ोसियों के बीच बचाव के चलते तब वे युवक वहां से चले गए। करीब आधा घंटा के बाद दोनों युवक कई अन्य युवाओं को लेकर दोबारा क्लीनिक पर आ धमके तथा दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया व तोड़-फोड़ शुरू कर दी। डॉ. कुलदीप के गले में सोने की चेन भी झपट ली व 10 हजार रुपये भी निकाल लिए। इस दौरान पड़ोसी दुकानदारों ने बीच बचाव करके किसी तरह से दोनों भाइयों को बचाया। दोनों चिकित्सकों को यहां के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर छानबीन आरंभ कर दी है।