हाईवे पर राई के पास अवैध ढाबा गिराने की कार्रवाई के दौरान बीडीपीओ से हाथापाई करने व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोपी पूर्व ग्राम सचिव को राई थाना पुलिस ने काबू कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां उसे जमानत मिल गई। पुलिस मामले में एक आरोपी गांव असावरपुर के पूर्व सरपंच श्रीभगवान को पहले ही काबू कर चुकी है।
बता दें कि गांव राई के पास अवैध रूप से बनाए गए एक ढाबे को गिराने के लिए सोमवार को प्रशासनिक अमला पहुंचा था। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान गांव असावरपुर के पूर्व सरपंच श्रीभगवान व विकास नगर निवासी पूर्व ग्राम सचिव अनूप ने बीडीपीओ प्रमोद कुमार के साथ न केवल अभद्र व्यवहार करते हुए सरकारी काम में बाधा पहुंचाई थी, बल्कि बीडीपीओ के साथ हाथापाई तक कर दी थी। बीडीपीओ ने मामले से एसडीएम निशांत यादव को अवगत कराया था, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को गिरा दिया था। बीडीपीओ के बयान पर पुलिस ने पूर्व सरपंच श्रीभगवान व अनूप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए श्रीभगवान को गिरफ्तार भी कर लिया था। अब मामले में कार्रवाई करते हुए राई थाना पुलिस ने अनूप को भी बहालगढ़ चौक से काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे जमानत मिल गई।
बीडीपीओ से हाथापाई करने व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के मामले में दूसरे आरोपी अनूप को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसे बहालगढ़ चौक से काबू कर अदालत में पेश किया।
-ऋषिकांत, प्रभारी, राई थाना।