भतीजी से दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा पीड़िता का ताऊ आखिरकार छह दिन बाद टावर से नीचे उतर गया। पंचायत व पुलिस के आश्वासन के बाद बुजुर्ग नीचे उतरा है। पुलिस ने मामले में जल्द ही आरोपियों को काबू करने का आश्वासन दिया है। हालांकि इस दौरान पीड़िता के ताऊ ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस इस मामले में निष्पक्षता से जांच नहीं करेगी तो उसका परिवार फिर से विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएगा।
विदित रहे कि एक गांव में व्यक्ति चार जुलाई को कुछ लोगों पर अपनी बेटी का अपहरण करने के प्रयास का आरोप लगाया था। साथ ही उसने कहा था कि आरोपी उसकी बेटी के साथ डेढ़ साल पहले दुष्कर्म भी कर चुके है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट न होने पर पीड़िता का ताऊ दो सितंबर को मोबाइल टावर पर चढ़ गया था।
इसके बाद पुलिस प्रशासन ने इस पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ नए सिरे से मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी थी। इस पर वह नीचे उतर गया। बाद में कार्रवाई तेजी से नहीं होने पर वह पिछले वीरवार को फिर से टावर पर चढ़ गया था। उसे समझाने का काफी प्रयास हुआ, लेकिन वह नीचे नहीं उतरा।
पंचायत व पुलिस के आश्वासन पर उतरा नीचे
पीड़िता के ताऊ को टावर से नीचे उतारने के लिए कई दिनों से प्रयास किए जा रहे थे। ताऊ को उतारने में इनेलो नेता रमेश पहलवान व वीरेंद्र चोटीवाला ने विशेष भूमिका निभाई। इस दौरान पुलिस प्रशासन की तरफ से डीएसपी प्रदीप कुमार व सुनील कुमार भी मौजूद रहे।
पंचायत में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर चर्चा हुई और ताऊ से बात की गई। पंचायत व पुलिस अधिकारियों ने टावर पर चढ़े व्यक्ति को समझाया कि पुलिस अब अपना काम तेजी से कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा। इसके बाद ताऊ मान गया।
पत्नी के कहने पर आधा घंटा बीच में रुका
जब बुजुर्ग नीचे उतर रहा था तो इसी दौरान उसकी पत्नी ने उसे रोक दिया। उसने कहा कि जब तक मामला साफ नहीं हो जाता, तब तक नीचे न उतरे। इस पर वह बीच में ही रुक गया। बाद में पुलिस व पंचायत के कहने पर वह अपनी पत्नी को यह कहकर नीचे उतर आया कि तेरी भी सुननी है और इस पंचायत की भी सुननी है।
क्या कहती है पुलिस
डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दोबारा से केस दर्ज कर लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक फरार चल रहे आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। टावर पर चढ़े व्यक्ति को भी समझाकर मंगलवार को नीचे उतार लिया गया है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।