एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंसवाल कलां पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) के सेल्समैन कटवाल निवासी सुभाष को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। आरोप है कि उसने सोसाइटी के सदस्य भैंसवाल निवासी कुलदीप के कार्ड की क्रेडिट लिमिट बढ़ाने की एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में 10 हजार में सौदा तय हुआ था। एसीबी टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता भैंसवाल निवासी कुलदीप का एमसीएल कार्ड बना हुआ है। इस पर उन्हें 60 हजार रुपये तक लोन की सुविधा मिल रही थी। वह अपनी क्रेडिट लिमिट बढ़ाकर करीब डेढ़ लाख रुपये करवाना चाहते थे। आरोप है कि इसके बदले सेल्समैन ने 15 हजार रुपये बतौर रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों के बीच 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। कुलदीप ने इसकी शिकायत एसीबी से की। एसीबी की टीम ने पूरे मामले का सत्यापन करते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई और शुक्रवार को शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 10 हजार रुपये देकर पैक्स के कार्यालय भेजा। आरोपी सेल्समैन सुभाष सुभाष ने जैसे ही शिकायतकर्ता से पैसे लिए, एसीबी की टीम ने उसे धर दबोचा।