खुशबू का फाइल फोटो। सामान्य अस्पताल में परिजनों से बातचीत करती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत के गांव रोहणा में युवक ने ताऊ की बेटी की दो गोली मारकर हत्या कर दी। युवती गोहाना से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। गोली की आवाज सुनकर परिजन कमरे से बाहर आए तो आरोपी भागता हुआ दिखाई दिया। परिजन बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचे, मगर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवती के पिता के बयान पर भतीजे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा।
गांव रोहणा निवासी मनोज ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी खुशबू (19) ने एक माह गोहाना के शिक्षण संस्थान में बीएससी नर्सिंग के कोर्स में दाखिला लिया था। वह रविवार दोपहर में घर के आंगन में मौजूद थी। उनका भतीजा विशाल उर्फ गुल्लू आया और खुशबू को दो गोली मार दी। एक गोली उसके सीने और दूसरी हाथ में लगी।
गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग कमरे से बाहर आए तो विशाल भागता हुआ दिखाई दिया। घर वाले बेटी को लेकर खरखौदा के सामान्य अस्पताल गए, मगर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
गांव रोहणा में युवती की हत्या के बाद घर पर जाकर जांच करती पुलिस व एफएसएल की टीम।
युवती के पिता ने बताया कि घटना के समय वह रोहतक के गांव हसनगढ़ में गायन मंडली के साथ गए थे। पड़ोसी बलबीर ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी खुशबू को गोली लगी है। जिसे अस्पताल लेकर गए हैं। वह तुरंत अस्पताल पहुंचे तो उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी। इस बारे में पत्नी संतोष ने बताया कि खुशबू को विशाल ने गोली मारी है। पुलिस ने विशाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसीपी ने पुलिस टीम के साथ किया घटनास्थल का निरीक्षण
युवती को गोली मारने की जानकारी मिलने के बाद एसीपी जीत सिंह व खरखौदा थाना प्रभारी सुनील कुमार टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। वहां पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। उसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए गए।
पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी खुशबू
खुशबू पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके भाई का पहले ही निधन हो चुका था।
युवती के पिता ने उसके चचेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह का पता चल पाएगा।
-जीत सिंह, एसीपी, खरखौदा।