हरियाणा के सोनीपत में सेक्टर-7 में अग्निशमन कार्यालय के पास चावल व्यापारी पर हमला कर बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने उनकी कार लूटने का प्रयास किया तो उन्होंने विरोध कर दिया। इस पर बदमाशों ने चाकू से नौ वार कर उन्हें घायल कर दिया।
इस दौरान छीनाझपटी में कार डिवाइडर पर चढ़ गई और उसकी स्टीयरिंग व्यापारी के सीने में जा लगी। जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। व्यापारी के साथियों को मामले का पता लगा तो उन्होंने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने लूट और चाकू से वार कर घायल करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जवाहर नगर के रहने वाले लोकेश वर्मा ने बताया कि वह चावल का व्यापार करता है। वह 20 मार्च को काम के सिलसिले में सेक्टर-7 में गया हुआ था। वह जब घर लौट रहा था तो अग्निशमन कार्यालय के पास कार को रोककर अपने दोस्त से मोबाइल पर बात करने लगा। इसी दौरान दो युवक उसकी कार के पास आए। उन्होंने उसे डराते हुए कहा कि जो कुछ भी उसके पास है वह उन्हें दे दे।
उन्होंने कार में रखा उसका मोबाइल उठा लिया। उसके विरोध करने पर एक युवक ने चाकू से उसके हाथ, पैर व सीने पर नौ वार किए। जिसके बाद उन्होंने उसकी कार लूटने का प्रयास किया। जिस पर उसने कार को भगाने का प्रयास किया तो वह डिवाइडर पर चढ़ गई। जिसकी स्टीयरिंग उसके सीने में लगी। जिससे उसे अंदरूनी चोट भी लग गई।
उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी तो बदमाश मौके से फरार हो गए। उसने अपने साथियों को अवगत कराया। जिस पर उन्होंने बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार किया गया। मामले की सूचना के बाद पहुंची सेक्टर-27 थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
वारदात के बाद चाकू वहीं फेंक गए हमलावर
लोकेश का आरोप है कि चाकू से वार करने के बाद बदमाश चाकू को वहीं पर फेंककर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। उसका कहना है कि उनसे कुछ दूरी पर दो अन्य बाइक पर चार युवक भी खड़े थे। उसे शक है कि वह भी उनके साथ थे। उसने मामले में कार्रवाई करते हुए उसका लूटा गया आई-फोन दिलाने की मांग की है।