वीडियो में रोती दिखाई दे रही विवाहिता तनुजा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत के गांव जुआं में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने घर में फंदा लगाने से पहले अपना वीडियो बनाकर मामा के मोबाइल फोन भी भेज दिया। जिसमें वह रोते हुए ससुराल पक्ष के अत्याचार की जानकारी दे रही है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव ठरू निवासी बिजेंद्र सिंह ने मोहाना थाना पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी छोटी बेटी तनुजा की शादी 24 मार्च को जुआं के रहने वाले अमरजीत के साथ की थी। शादी में क्षमता के अनुसार उपहार भी दिए थे। इसके बावजूद अमरजीत और उसके माता-पिता व बहन उसकी बेटी तनुजा को परेशान करने लगे।
यह भी पढ़ें : SYL: सीएम मनोहर लाल बोले- अपने हक का पानी लेकर रहेंगे, हुड्डा ने कहा- अवमानना का केस दायर करे सरकार
वह कम दहेज लाने की बात कहकर उसका उत्पीड़न करते थे। तनुजा की पिटाई की जाती थी। उसके साथ बदतर व्यवहार किया जाता था। तनुजा ने इसकी कई बार शिकायत की, लेकिन उन्होंने अमरजीत को समझाकर बेटी का घर बसाने का प्रयास किया। इसके बावजूद अमरजीत के परिवार ने अत्याचार कम नहीं किए। तनुजा ने अपने ऊपर हुए अत्याचार की वीडियो बनाई और उसको अपने मामा को भेज दी।
उसके बाद चुनरी से फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पाकर वह जुआं में पहुंचे तो वहां तनुजा का शव फर्श पर पड़ा था। चुनरी पास में मेज पर रखी थी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तनुजा के पति अमरजीत, ससुर जयसिंह, सास व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। तनुजा ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाई है। जिसमें वह बिलखते हुए दिखाई दे रही है। वह ससुराल पक्ष पर लगातार आरोप लगा रही है। साथ ही उनकी प्रताड़ना से तंग आकर जान देने की बात कह रही है। उसने वीडियो को अपने मामा के मोबाइल नंबर पर भेज रखा है।