पुलिस ने परिजनों को बताया कि महमूदपुर के ग्रामीणों ने शव को देखकर सरपंच को बताया था। जिस पर सरपंच ने उन्हें सूचित किया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो युवक की जेब से आधार कार्ड मिला था। जिसमें फोटो का मिलान करने के बाद उन्होंने उस पर लिखे पते के आधार पर उन्हें सूचित किया था। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
युवक को बुलाने घर गया ग्रामीण भी लापता
पुलिस के अनुसार गांव बिचपड़ी के रहने वाले अनिल को बुधवार तड़के उनके गांव का अमित व उसका साथी बुलाने के लिए आए थे। परिजनों ने उसके साथ अनिल को जाने से मना कर दिया था। उसके बाद अमित व उसके साथ आया युवक वापस चले गए। उसके कुछ देर बाद ही अनिल के मोबाइल पर कॉल आई थी। जिसे सुनकर वह बाहर चला गया था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा और देर शाम उसका शव ही मिला। उसके बाद से अमित का भी सुराग नहीं मिल रहा है।
खेत में दूर तक मिले खून के निशान व खाली खोल
पुलिस जांच में आया कि गांव महमूदपुर के जिस खेत में व्यक्ति का शव मिला है उसमें दूर तक खून के निशान मिले हैं। साथ ही पुलिस ने गेहूं के खेत के अंदर एक खोल भी बरामद किया है। पुलिस ने खोल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच को भेज दिया है।
गांव बिचपड़ी के युवक का शव गांव महमूदपुर के पास मिला है। उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। मामले में युवक के पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। युवक को उनके घर बुलाने गया युवक भी लापता है। पुलिस जल्द मामले का पटाक्षेप करेगी। - कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, सदर गोहाना।