कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित दवा कंपनी में अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। कंपनी में काम कर रहे मजदूरों ने मामले की सूचना मालिक को दी। जिस पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को मामले से अवगत कराया गया। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक कंपनी मालिक को काफी नुकसान हो गया।
दिल्ली निवासी हरीचंद ने कुंडली औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर-271 में बायो लाइफ टेक्नो दवा कंपनी बना रखी है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11 बजे पता लगा कि कंपनी में आग लग गई है। उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग की टीम को सूचित किया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही कर्मचारियों ने भी आग पर काबू पाने का प्रयास करने के साथ ही दवाइयों के बाक्स भी उठाकर बाहर फेंकने शुरू कर दिए। अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कंपनी मालिक को भारी नुकसान हो गया। आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है। उधर, पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
==================
फोटो