हरियाणा के सोनीपत जिले के बरोदा थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच साल पहले किशोरी की मौत जहर खाने से नहीं, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। विसरा रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि जहर के साथ ही उसके सिर में अंदरूनी चोट लगी थी और गले पर भी दबाए जाने के निशान थे। इसके आधार पर बरोदा थाना पुलिस ने हेड कांस्टेबल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में गहनता से जांच करेगी।
जींद जिले के सफीदों क्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी जून 2017 में बरोदा थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने ननिहाल आई हुई थी। इसके बाद 12 जून 2017 को परिजनों ने उसे बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया था। परिजनों ने संदिग्ध अवस्था में जहर खाने की बात कही थी, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने अगले दिन परिजनों के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया था।
साथ ही मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विसरा लेकर मधुबन लैब में भेजा था। उसकी रिपोर्ट 20 जनवरी 2022 को मिली है। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट पर चिकित्सक की राय ली। अब तीन फरवरी को चिकित्सक ने विसरा की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को अपनी राय (ओपिनियन) दी।
रिपोर्ट में किशोरी के सिर में अंदरूनी चोट व गला दबाए जाने के निशान होने का पता लगा। इसी के आधार पर पुलिस ने किशोरी की हत्या व जहरखुरानी का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में हेड कांस्टेबल के बयान पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
वर्ष 2017 में किशोरी की संदिग्ध अवस्था में जहर खाने के मामले में पुलिस को विसरा रिपोर्ट मिली है। अब चिकित्सक की राय (ओपिनियन) लेने के बाद किशोरी की हत्या की पुष्टि हुई है। हालांकि परिजन अभी आगे नहीं आए हैं। फिर भी पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। - इंस्पेक्टर नीरज कुमार, बरोदा थाना प्रभारी