हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में पटेल बस्ती के रहने वाले युवक को बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसके खाते से 71 हजार 905 रुपये निकाल लिए गए। युवक के पास फीस के नाम पर 30 रुपये जमा कराने के लिए लिंक भेजकर ठगी की गई। रुपये भेजते ही युवक के पास ई-मेल आई थी। उसने बैंक में जानकारी ली तो 71 हजार 905 रुपये निकलने का पता लगा। इसको लेकर उसने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पटेल बस्ती निवासी राजेश बंसल ने पुलिस को बताया कि 2 फरवरी को उसके पास नौकरी के लिए एक फोन आया था। फोन पर बात करने वाले ने बैंक में नौकरी लगवाने की बात कही थी। इसके बाद उसे फीस के नाम पर महज 30 रुपये देने के लिए एक लिंक भेजा गया। राजेश के अनुसार, जैसे ही उसने लिंक पर 30 रुपये भेजे, उसी समय उसके पास एक ई-मेल आई।
उसने लिखा था कि उसके खाते से रुपये निकालने का प्रयास किया गया है। इसके बाद उसने बैंक में फोन करके पता किया तो जानकारी मिली कि उसके क्रेडिट कार्ड से 71 हजार 905 रुपये निकाले गए हैं। इसको लेकर उसने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
युवक ने नौकरी के नाम पर उसके खाते से रुपये निकालने की शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस युवक के पास आए फोन कॉल के आधार पर मामले की जांच कर रही है। - इंस्पेक्टर बदन सिंह, शहर थाना प्रभारी, गोहाना