शहर से सटे गांव गढ़ी उजाले खां में पुरानी रंजिश को लेकर दो व्यक्तियों ने एक परिवार को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। घटना में परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए और डर के मारे घर में ही दुबके रहे। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
थाना शहर प्रभारी कुलदीप देशवाल ने बताया कि गढ़ी उजाले खां निवासी कृष्ण कुमार और इसी गांव के पास बनी नई बस्ती के राजेश और गांव बुटाना निवासी रोहताश में पुरानी रंजिश चली आ रही है। उन्होंने बताया कि कृष्ण ने पुलिस को शिकायत दी है कि राजेश और रोहताश ने गत वर्ष 31 दिसंबर को भी कृष्ण के साथ मारपीट की थी। अब फिर उन्होंने चार फरवरी को जब वह पत्नी और बेटे के साथ मकान के बाहर गली में खड़ा था तो रोहताश और राजेश ने उन पर गोली चला दी। जिसमें उसका परिवार बाल-बाल बच गया। उन्होंने घर के अंदर दुबककर जान बचाई। हमलावर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। डर के मारे रातभर घर में गुजार कृष्ण ने शुक्रवार को पुलिस को शिकायत दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने कृष्ण के बयान पर राजेश और रोहताश के खिलाफ हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज कर रोहताश को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दूसरा आरोपी फरार है जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।