थाना कुंडली क्षेत्र में शनिवार दोपहर दो दोस्तों द्वारा एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। परिजनों को जानकारी मिलने के बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया है।
कुंडली थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी 14 वर्षीय बेटी शनिवार दोपहर कमरे पर अकेली थी। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला अधीर उर्फ राजू और उसका साथी मुजफ्फरपुर (बिहार) निवासी धर्मेंद्र कमरे में घुस गए और उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे डाला। किसी को बताने पर बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। इससे उसकी बेटी घबरा गई। बाद में किशोरी ने घटना के बारे में परिजनों को अवगत कराया। इस पर परिजन उसे लेकर कुंडली थाने पहुंचे। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने जांच के बाद सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने लड़की का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। जांच अधिकारी देवेंद्र सिंह की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को दोनों आरोपियों अधीर व धर्मेंद्र को प्याऊ मनियारी से काबू कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।