गांव प्याऊमनियारी के पास से बुधवार को अपहृत किए गए युवक को फरीदाबाद के पास से बरामद कर लिया गया। देर शाम कुंडली थाना पुलिस युवक के पास पहुंच गई थी और समाचार लिखे जाने तक उसे सकुशल वापस लाया जा रहा था। हालांकि युवक के पास नकदी है या नहीं इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि युवक के शरीर पर कोई चोट नहीं है। युवक अभी घबराया हुआ है। पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई की जा सकेगी। बताया गया है कि अपहरणकर्ता युवक को फरीदाबाद के पास छोड़कर फरार हो गए थे।
ये है मामला
बता दें कि प्याऊ मनियारी का रहने वाला 24 वर्षीय संदीप उर्फ बंटी बुधवार को घर से निकला था। वह आइडिया कंपनी में रिटेलर का काम करता था और उसके पास 1 लाख 59 हजार रुपए की वेल्यू के रिचार्ज कूपन थे। लगभग 1 बजे उसने अपनी मां अनिता के फोन पर मिस काल की थी। लगभग 2 बजे उसने फोन कर बताया कि उसके पीछे कुछ बदमाश लगे हए हैं और वह प्याऊ मनियारी से सबौली की तरफ भाग रहा है। अनीता ने तुरंत अपने दूसरे बेटे विकास को इस बारे में बताया था। जब तक विकास मौके पर पहुंचा तो संदीप की सिर्फ बाइक ही बरामद की जा सकी। पास में एक दुकानदार से पता चला कि वैन सवार कुछ युवकों ने संदीप का अपहरण किया है। इसके बाद ही फोन पर पुलिस को जानकारी दी गई थी। इस मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों और परिजनों ने गुरुवार को कुंडली थाना परिसर में विरोध-प्रदर्शन भी किया था। मौके पर डीएसपी सतीश शर्मा और थाना मुरथल प्रभारी अजय धनखड़ पहुंचे थे। जिन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन देकर उन्हें लौटाया था।
पैसों का पता नहीं, युवक घबराया हुआ
युवक के पास जो 1 लाख 59 हजार रुपये की वेल्यू थी, उसमें से उसने 1 लाख 9 हजार रुपए की वेल्यू बेच दी थी। इन रुपयों का पुलिस के पास अभी कोई जवाब नहीं है। थाना प्रभारी का कहना है कि अभी संदीप घबराया हुआ है। जब उसे सोनीपत लाया जाएगा, तब पूछताछ में सामने आएगा कि पैसे हैं के नहीं।
फरीदाबाद के पास संदीप को छोड़कर अपहरणकर्ता फरार हो गए थे। टीम ने युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। अब उसे वापस लाया जा रहा है। अभी वह घबराया हुआ है। इसीलिए शनिवार को उससे पूछताछ की जाएगी।
-धीरज कुमार, प्रभारी, थाना कुंडली।