जिले में लूट की वारदात रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जहां पहले से ही नेशनल हाइवे नंबर एक लुटेरों का सॉफ्ट टारगेट बना हुआ है। अब सिटी में भी लूट की वारदात होने लगी हैं। वीरवार रात को जहां लुटेरे जीटी रोड पर कुबेर होटल व बढ़खालसा गांव के पास लुटेरे दो गाड़ियां छीनकर ले गए। एक हिमाचल के जूता फैक्टरी के कर्मचारी एवं पंचकूला निवासी हरीश बंसल व दूसरी नांगल कलां निवासी जसवंत सिंह की है। दोनों वारदात के संबंध में मुरथल व राई थाने में केस दर्ज किए गए हैं। जबकि, बुधवार रात को आईटीआई चौक पर मेडिकल स्टोर मालिक व ट्रक यूनियन में शराब ठेकेदार ने हजारों रुपये की नकदी छीन ली। इस संबंध में सिविल लाइन व सदर थाने में केस दर्ज किए गए हैं।
केस नंबर 1 : कुबेर होटल के पास रिवाल्वर दिखाकर फैक्टरी कर्मियों की कार ले गए लुटेरे
पंचकूला के सेक्टर-21 निवासी हरीश बंसल ने मुरथल थाने में शिकायत दी है कि वह अपने साथी दर्शन गर्ग और राज कपूर के साथ देर रात चंडीगढ़ से दिल्ली जा रहा था। सभी साथी हिमाचल के नालागढ़ स्थित जूता फैक्टरी में काम करते है। फैक्टरी की इनोवा गाड़ी में सवार थे। इनोवा को उनका चालक सर्बजीत चला रहा था। हरीश ने बताया कि जब वह गांव कुराड़ स्थित होटल कुबेर के पास पहुंचे तो उसके चालक ने चाय पीने के लिए गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया। कार रोकने के बाद तीन युवक उनके पास आए पिस्तौल दिखाकर सभी को गाड़ी से नीचे उतार दिया। बाद में लुटेरे उनकी गाड़ी व सामान लेकर फरार हो गए। हरीश ने बताया कि गाड़ी में उनके मोबाइल व अन्य सामान भी था। मामले की सूचना के बाद पहुंची मुरथल थाना पुलिस ने जांच के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया है। मुरथल थाना प्रभारी आशीष ने बताया कि पंचकुला निवासी हरीश बंसल की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
केस नंबर 2 : बढ़खालसा के पास सिर में रॉड मारकर छीनी गाड़ी
नांगल कलां निवासी जसवंत ने राई थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह देर रात को अपनी कार में सवार होकर सोनीपत से गांव की तरफ जा रहा था। उसने बताया कि जब वह गांव बढख़ालसा के पास पहुंचा तो इसी दौरान उसने कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और लघुशंका के लिए चला गया। इसी दौरान तीन युवकों ने उसके सिर में रॉड या कोई ठोस वस्तु से वार किया। इससे, वह चक्कर आकर गिर गया। बदमाश उसकी कार लेकर फरार हो गए। राई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ऋषिकांत का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
केस नंबर 3 : आईटीआई चौक पर मेडिकल स्टोर संचालक से नकदी छीनी
आईटीआई चौक पर स्थित मेडिकल स्टोर संचालक संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार रात को आईटीआई चौक के पास स्थित मेडिकल स्टोर पर था। रात करीब दस बजे दो युवक बाइक से उसके मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। उन्होंने अंदर आकर पिस्तौल दिखाकर उससे चार हजार रुपये की नकदी छीन ली। थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
केस नंबर 4 :
अंग्रेजी शराब ठेका संचालक शास्त्री कालोनी निवासी रोहताश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आटो मार्केट के पास स्थित ट्रक यूनियन में अपने शराब ठेके पर गया था। बुधवार रात करीब 12 बजे बाइक सवार दो युवक आए और उसे पिस्तौल दिखाकर करीब 50 हजार रुपये लूट कर ले गए। सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
लूट की वारदात रोकने के लिए पुलिस ने गश्त तेज कर दी है। प्लानिंग के तहत जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस पहले से ही हाईवे की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। बदमाश जल्द ही दबोच लिए जाएंगे।
-एचएस दून, डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक