गांव खुबडू़ झाल के पास बाहरी दिल्ली के गांव हरेवली के रहने वाले एक टेंपो चालक ने गांव के तीन युवकों की दबंगई से तंग आकर पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने आत्महत्या करने से पहले अपना वीडियो बनाकर यू-ट्यूब पर अपलोड किया। इस वीडियो में उसने आरोप लगाया कि गांव के युवक उसे जाति सूचक शब्द कहकर प्रताड़ित करने के साथ मारपीट भी करते हैं। पुलिस ने युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। वीडियो के आधार पर उसके भाई के बयान पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने व एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, टेंपो चालक का वीडियो भी वायरल हो गया है। सोनीपत में महज तीन दिन के भीतर इस तरह का यह दूसरा मामला है। इससे पहले दीपक नाम के युवक ने फेसबुक पर वीडियो लाइव करके सुसाइड किया था।
रुपये देने और नाम बदलने के लिए बनाते थे दबाव
गांव हरेवली निवासी विजय पुत्र रामचंद्र सोमवार को टेंपो लेकर खूबड़ू झाल के पास पहुंचा था। यहां पर उसने कीकर के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले युवक ने यू-ट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने गांव के ही एक अन्य विजय पुत्र रामचंद्र, सचिन व छोटा पर जाति व रुपयों के नाम पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। युवक ने वीडियो में कहा है कि एक माह से वह परेशान है। उससे गांव का सवर्ण जाति का विजय पुत्र रामचंद्र न केवल बार-बार पैसे मांगता है, बल्कि उसका व उसके पिता का नाम उसके समान होने के कारण उसे अपना नाम बदलने का भी दबाव बना रहा है।
चौराहे पर मारे थे चांटे
युवक ने वीडियो में बताया कि सचिन व छोटे ने उसे चौराहे पर चांटे मारे हैं। ऐसे में वह मुंह दिखाने लायक नहीं रहा। वह अपने परिवार व बच्चों को भी अपना मुंह नहीं दिखाना चाहता। उसने वीडियो में यह भी कहा कि उसे जाति के नाम पर खूब गालियां दी जाती हैं। वह इन सब प्रताड़नाओं से तंग आकर ही आत्महत्या करना चाहता है। पुलिस ने युवक के वीडियो में दिए बयान के आधार पर उसके भाई पवन के बयान पर विजय, सचिन व छोटा निवासी हरेवली, दिल्ली के खिलाफ एससीएसटी एक्ट व आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के एक युवक ने खुबडू़ के पास कीकर के पेड़ पर रस्सी के सहारे आत्महत्या की है। उसके मोबाइल से एक वीडियो मिली है, जिसके आधार पर उसके भाई के बयान लेकर तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
-श्रीकृष्ण, खुबड़ू चौकी प्रभारी।