उपमंडल के गांव रभड़ा निवासी हिंदू युवक को जींद जिले की मुस्लिम समुदाय की लड़की से प्रेम विवाह करना महंगा पड़ रहा है। आरोप है कि जब युवक पत्नी को खानुपर विवि में छोड़ने जा रहा था, तभी मायके वालों ने रास्ते में कार अड़ाकर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया, लेकिन युगल ने गांव में घुसकर जान बचाई।
वहीं सदर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पहले युवक को सुरक्षा दी गई थी। अब उसे दोबारा जरूरत पड़ी तो सुरक्षा दी जाएगी।
रभड़ा के युवक ने बताया कि जून माह में उसने जींद जिले की मुस्लिम लड़की से आर्य समाज मंदिर में विवाह किया था। तभी से लड़की के मायके वाले दोनों को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। एसपी के आदेश पर पुलिस सुरक्षा मिली थी, लेकिन एक माह बाद हटा ली गई। उसकी पत्नी खानुपर विवि में बीए की छात्रा है।
मंगलवार को वह उसे छोडने खानपुर विवि जा रहा था। रास्ते में उनकी कार के आगे कुछ लोगों ने बिना नंबर की स्विफ्ट कार अड़ा दी। आरोप है कि उस कार में लड़की के परिजन थे। किसी तरह वह जान बचाने के लिए गांव के अंदर घुस गया। तब जाकर दोनों की जान बची। मामले की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
खुद ही सदर थाने में पहुंच कर मामले से अवगत कराया। मामले की जांच कर रहे एसआई महेंद्र सिंह का कहना है कि युगल की शिकायत पर जांच पड़ताल की जा रही है। दोनों ने लड़की के मायके वालों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। जरूरत पड़ी तो युगल को दोबारा सुरक्षा दी जाएगी।