गन्नौर। क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन महिलाओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन जब यह हरकतें शिक्षा के मंदिर के अंदर हो तो यह मामला बेहद गंभीर हो जाता है। गन्नौर क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में स्थित राजकीय स्कूलों में इस तरह के मामले सामने आए हैं।
स्कूल में घुसकर शिक्षिका से दुर्व्यवहार
गन्नौर के एक गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को गांव का ही एक युवक बिना किसी डर-भय के स्कूल में घुस आया और वहां कार्यरत शिक्षिका संग दुर्व्यवहार करने लगा। जब शिक्षिका ने इसका विरोध किया तो आरोपी उन्हें धमकी देकर वहां से भाग गया। स्कूल स्टाफ ने इसकी शिकायत महिला हेल्पलाइन नंबर पर दी लेकिन वहां से कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद इन लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी शिकायत दी। सूचना पाते ही थाना गन्नौर की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि पुलिस के ढीले-ढाले रवैये के चलते बृहस्पतिवार को आरोपी युवक दोबारा स्कूल के चक्कर काटने लगा। इसके बाद शिक्षक पढ़ाना छोड़कर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए एकजुट हो गए। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को ढूंढकर हिरासत में ले लिया। घटना के थोड़ी देर बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
शिक्षक ने की 10वीं की छात्रा से छेड़छाड़, केस दर्ज
वहीं दूसरा मामला खंड के ही एक दूसरे गांव का है। यहां के सरकारी स्कूल में तैनात एक शिक्षक ने गुरु और शिष्य के रिश्ते को कलंकित कर दिया। शिक्षक सुशील पर स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी सुशील पर छात्राओं के साथ छेड़खानी करने के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन इस बार गुस्साए ग्रामीण बृहस्पतिवार को थाना गन्नौर पहुंचे और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने बताया कि सुशील छात्राओं के साथ छेड़खानी करता है और बाद में परिजनों को इस बारे में न बताने का दबाव डालते हुए उन्हें तरह-तरह की धमकी देता है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक होने के साथ-साथ गांव का निवासी होते हुए भी वह इस तरह की ओछी हरकतें कर रहा है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक की तलाश शुरू कर दी है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
इस बारे में खुबडू पुलिस चौकी प्रभारी योगेंद्र ने बताया कि पुलिस को शिक्षक के खिलाफ छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की सूचना मिली थी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर सुशील के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।