अमर उजाला ब्यूरो
राई। करनाल की रहने वाली विधवा से बस में हुई मुलाकात के बाद नौकरी का झांसा देकर मुरथल स्थित ढाबे पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। विधवा ने मामले की शिकायत मुरथल थाना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के बयान पर एक नामजद सहित दो के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में करनाल की रहने वाली 33 वर्षीय विधवा ने बताया कि वह 15 दिसंबर को किसी काम से बस में सवार होकर दिल्ली की तरफ आ रही थी। बस में उसकी मुलाकात मोई माजरा निवासी यशपाल नाम के व्यक्ति से हुई थी। महिला ने बताया कि बस में यात्रा के दौरान आरोपी ने बातचीत शुरू कर दी। उसने बातचीत के दौरान आरोपी को बता दिया कि उसके पति की पांच साल पहले मौत हो चुकी है। वह फिलहाल परेशानी से गुजर रही है। इस पर यशपाल ने बताया कि उसकी अच्छी जान-पहचान है। वह उसे नौकरी दिलवा सकता है। महिला ने बताया कि आरोपी ने उसे नौकरी का झांसा देकर मुरथल बस से नीचे उतार लिया। आरोपी उसे मुरथल स्थित एक ढाबा पर ले गया। वहां एक अन्य व्यक्ति को बुला लिया। महिला ने बताया कि आरोपी यशपाल व वह व्यक्ति उसे ढाबे में कमरे के अंदर ले गया। वहां दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में आरोपियों ने किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। वहां से आरोपी फरार हो गए। महिला ने बताया कि वह वहां से अपने घर पहुंची और मामले से परिजनों को अवगत कराया। जिस पर अब वह परिजनों के साथ मुरथल थाना में आई है और मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने विधवा के बयान पर एक नामजद सहित दो के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विधवा ने उसे नौकरी का झांसा देकर मुरथल स्थित ढाबे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एएसआई मनीषा, जांच अधिकारी, मुरथल थाना।