गाड़ी लूट कर भाग रहे बदमाश ने पुलिस के घेरने पर खुद को गोली मारी, मौत
- गन्नौर थाने के बांय गांव के पास से इनोवा लूटकर भाग रहे थे भिवानी का बदमाश
- गोहाना के शामड़ी चिढ़ाना के पास खेतों में घुसने पर पुलिस ने घेर लिए थे बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। जीटी रोड पर वीरवार की रात बांय गांव के निकट पिस्तौल के बल पर इनोवा कार छीन कर भागे दो बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया। जिसमें से एक बदमाश ने पकड़े जाने के डर से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उसे वहां मृत घोषित कर दिया गया है, वह भिवानी का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं दूसरे बदमाश को हिरासत में लेकर इनोवा गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पानीपत के गांव रॉकसेड़ा गांव निवासी सुरेंद्र वीरवार रात अपनी इनोवा गाड़ी से समालखा की तरफ जा रहा था। इस दौरान दो युवकों ने बांय गांव के निकट सुरेंद्र से समालखा जाने की बात कह कर लिफ्ट मांग ली। गाड़ी में सवार होते ही दोनों ने पिस्तौल के बल पर सुरेंद्र को गाड़ी से नीचे उतार दिया और गाड़ी लेकर खुबडू-शाहपुर रोड की तरफ भाग गए। सुरेंद्र ने तुरंत मामले की शिकायत गन्नौर पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने तुरंत ही नाकाबंदी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश खुबडू के पास नाका तोड़ कर भागने लगे। इस पर पुलिस ने उनका पीछा किया तो बदमाश गाड़ी छोड़ कर गोहाना के शामडी चिढ़ाना के पास खेतों में जा घुसे। पुलिस ने गोहाना पुलिस की मदद से खेतों में घुस कर दोनों बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान एक बदमाश ने खुद को अपनी पिस्तौल से गोली मार ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि पुलिस ने दूसरे बदमाश को धर दबोचा। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए खानपुर मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया, जहां उसकी मौत हो गई। गोहाना सदर थाना एसएचओ सेठी मलिक ने बताया मरने वाला भिवानी जिले के सांगा गांव का आशीष उर्फ आशु है और इस समय भिवानी के हुनामल प्याऊ क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस इन बदमाशों के बारे में ज्यादा जानकारी जुटाने में लगी हुुई है।