अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर के कालूपुर क्षेत्र स्थित स्कूल के पास बाइक सवार दो बदमाश एक महिला का पर्स लूटकर फरार हो गए। महिला के पर्स में हजारों की नकदी व मोबइल फोन था। महिला ने मामले से सिटी थाना पुलिस को अवगत कराया। जिस पर पुलिस ने महिला के बयान पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
कालूपुर निवासी मिथलेश ने बताया कि वह स्टार बिजनेस इनवेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड फाइनेंस ऑफिस में काम करती है। वह ऑफिस से बुधवार रात को पैदल ही घर की तरफ जा रही थी। जब वह कालूपुर मोड़ के पास स्थित स्कूल के सामने पहुंची तो बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। युवकों ने उसके हाथ से उसका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। मिथलेश ने बताया कि पर्स में 15 हजार रुपये की नकदी व मोबाइल फोन था। बदमाशों के भागने के बाद उसने शोर भी मचाया, लेकिन अंधेरे के चलते वह भाग निकले। उसने अपने परिजनों व पुलिस को अवगत कराया। जिस पर सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने महिला के बयान पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
अंधेरा व हल्की स्मॉग के चलते नहीं देख सकी चेहरा
महिला ने पुलिस को बताया कि रात को अंधेरा व हल्की स्मॉग के चलते वह बदमाशों की बाइक का नंबर व उनका चेहरा नहीं देख सकी। साथ ही बदमाशों ने अचानक वारदात को अंजाम दिया, इससे वह भी घबरा भी गई।
महिला ने पर्स लूट की शिकायत दी है। पर्स में नकदी व मोबाइल फोन था। लूट का मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लेगी।
राजपाल, थाना प्रभारी सिटी।