सोनीपत। कैंसर मरीजों का बीमा करवाकर उनकी मौत के बाद उसे सड़क हादसा दिखा क्लेम हड़पने के मामले में सामान्य अस्पताल के चिकित्सक की तरफ से लगाई गई अग्रिम जमानत अर्जी को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। मामले में एसटीएफ की टीम ने चिकित्सक और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है। एसटीएफ टीम का दावा है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। विदित रहे कि एसटीएफ की सोनीपत इकाई ने 19 अप्रैल को तीन लोगों को पकड़ा था। आरोपी कैंसर मरीजों की मौत के बाद उनके शव को दूसरी जगह ले जाकर गाड़ी से कुचल कर सड़क दुर्घटना में मौत दिखा देते थे। बाद में बीमा कंपनियों से क्लेम के रूप में मोटी रकम ऐंठते थे। गिरोह में गांव सेवली निवासी पवन, रिंढाना निवासी मोहित व गुमाना निवासी विकास की गिरफ्तारी से पूरे रैकेट का पर्दाफाश हुआ था। बाद में पुलिस ने सोनीपत सामान्य अस्पताल के कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप व रोहतक पीजीआई के कर्मचारी प्रमोद, बरोटा चौकी के हवलदार अशोक व कैंसर पीड़ित महिला मरीज के पति चांद व पिता का इंश्योरेंस क्लेम लेने वाले सुमित को गिरफ्तार किया था।
एसटीएफ की टीम चिकित्सक को कर सकती है गिरफ्तार
मामले में सोनीपत सामान्य अस्पताल के चिकित्सक का नाम सामने आया था। चिकित्सक ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी लगाई थी। जिस पर बुधवार को एसटीएफ व चिकित्सक के बीच काफी बहस हुई थी। बहस के बाद न्यायाधीश ने फैसला वीरवार तक के लिए सुरक्षित रख लिया था। वीरवार को मामले में फैसला देते हुए न्यायाधीश ने चिकित्सक की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। अब एसटीएफ की टीम कभी भी चिकित्सक को गिरफ्तार कर सकती है।
गिरफ्तारी को एसटीएफ ने दी दबिश
वीरवार को चिकित्सक की जमानत याचिका खारिज होते ही टीम ने चिकित्सक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई है। टीम ने मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी है। टीम का कहना है कि चिकित्सक की गिरफ्तारी के बाद अन्य के नाम भी सामने आ सकते हैं।
क्लेम लेने के मामले में चिकित्सक का नाम सामने आने के बाद उसने अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी। जिस पर वीरवार को कोर्ट ने चिकित्सक की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही अन्य की गिरफ्तारी भी होगी। -सतीश कुमार, प्रभारी, एसटीएफ सोनीपत ईकाई।