एक कांवडिए ने बीपीएस अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
गोहाना। गांव इसराना के पास कैंटर की टक्कर से घायल हुए आठ डाक कांवड़ियों को बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया। जहां एक कांवड़िए को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, हादसे में घायल सात अन्य कांवड़ियों को खानपुर में उपचार दिया जा रहा है। जब कांवड़ियों के परिजनों को हादसे का पता चला तो उन्होंने वीडियो कॉल की उनका हाल चाल जाना। परिजनों ने चिकित्सकों से भी बातचीत कर कांवड़ियों का कुशलक्षेम जाना।
भिवानी के गांव बहल निवासी अजय, अनुज, प्रदीप, रवि, पवन, विक्रम, राजकुमार व अन्य हरिद्वार से कावड़ लेकर अपने गांव के लिए चले थे। बुधवार को वह कावड़ लेकर गांव इसराना पहुंचे थे। इस दौरान इसराना से गोहाना की तरफ दो युवक कांवड़ लेकर दौड़ रहे थे, जबकि 10 पिक-अप में बैठे थे। इसी दौरान एक कैंटर ने पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कांवड़िए घायल हो गए। उन्हें तुरंत खानपुर कलां के महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया। जहां विक्रम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। अन्य घायलों को अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं परिजनों को हादसे का पता चला तो उन्होंने घायल कांवड़ियों के पास फोन कर हाल चाल जाना। कई कांवड़ियों के परिजनों ने अपने बच्चों से फोन पर वीडियो कॉल कर उन्हें पूरी जानकारी देने को कहा। परिजन उन्हें अपने पूरे शरीर पर लगी चोटें दिखाने की जिद कर रहे थे।