अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर के शंभु दयाल मॉडर्न स्कूल की शिक्षिका के खिलाफ दूसरी कक्षा की छात्रा की मां ने मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सिटी थाना की कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। छात्रा की मां ने शिक्षिका के खिलाफ उसके बाल नोंचने की शिकायत एक दिन पहले दी थी जिस पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अशोक विहार की रहने वाली अंजलि ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी बेटी रौनक (6) शंभुदयाल स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा है। वह सोमवार को घर से स्कूल आई थी। कक्षा में अंग्रेजी की शिक्षिका संगीता ब्लैक बोर्ड पर काम करा रही थी। रौनक ने जब स्कूल का काम नहीं किया तो शिक्षिका ने उसके सिर के बाल पकड़कर नोंच लिए। इससे सिर के काफी बाल उखड़ गए। छात्रा जब घर पहुंची तो परिजनों को मामले का पता लगा था। जिस पर मंगलवार सुबब वह रौनक के स्कूल गई थी। उसने शिक्षिका के सामने बाल नोंचने का विरोध जताया तो शिक्षिका ने उसके साथ कहासुनी करनी शुरू कर दी। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। अंजलि की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वर्जन
छात्रा के बाल नोंचने व विरोध करने पर छात्रा की मां से कहासुनी कर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत मिली है। जिस पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
-रविंद्र सिंह, चौकी प्रभारी, कोर्ट कॉम्प्लेक्स, सोनीपत।
शिक्षिका के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज
-परिजनों ने लगाया था शिक्षिका पर छात्रा के बाल नोंचने का आरोप
-शंभुदयाल स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा की मां के बयान पर पुलिस ने दर्ज किया केस