बोर्ड परीक्षा : नकल कर रहे 24 नकलची पकड़े
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के नकल रहित परीक्षा के दावे फेल होकर रह गए हैं। सोमवार को जिले में 103 परीक्षा केंद्रों पर संचालित 10वीं कक्षा का सांइस और 12वीं कक्षा के पंजाबी विषय के पेपर में जमकर नकल चली। हालांकि नकल रोकने के लिए गठित उड़नदस्ते विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। इस दौरान फ्लाइंग दस्तों ने 24 परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा और यूएमसी बनाई। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि नकल रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहा है।
प्रशासनिक व शिक्षा अधिकारियों ने जिले में नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बावजूद इसके नकल का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। परीक्षा के शुरुआती दो दिनों में जो हालात नजर आए थे, सोमवार को भी कई परीक्षा केंद्रों पर यही स्थिति देखने को मिली। इस दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के दौरान फ्लाइंग टीमों ने गांव गढ़वाल स्थित परीक्षा केंद्रा व खरखौदा में स्थित परीक्षा केंद्र-3 पर बाहरी हस्तक्षेप मिला। फ्लाइंग टीमों ने इसकी सूचना शिक्षा अधिकारी को दी है।
इन टीमों ने पकड़ी नकल
टीम निरीक्षण यूएमसी
डीसी फ्लाइंग 04 03
एसडीएम सोनीपत फ्लाइंग 06 01
डीईओ फ्लाइंग 04 03
चेयरमैन फ्लाइंग 07 06
क्वेशचन पेपर फ्लाइंग 04 01
क्वेशचन पेपर फ्लाइंग गोहाना 06 01
एसडीएम खरखौदा फ्लाइंग 04 01
एसडीएम गन्नौर फ्लाइंग 05 08
धमकी मिलने पर सेंटर पर पहुंची फ्लाइंग की चार टीम
गांव घड़वाल के राजकीय स्कूल में भी बोर्ड द्वारा सेंटर बनाया गया है। तीन दिन पहले किसी ने सेंटर अधीक्षक के नाम पर धमकी दे दी थी। यह मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया तो सोमवार को हुई दसवीं कक्षा की विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान इस सेंटर पर सख्ती कर दी गई। सेंटर पर परीक्षा के दौरान फ्लाइंग की चार टीमें पहुंची। पुलिस की टीम ने भी लगातार गश्त की।
बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों के अंदर स्थिति कंट्रोल में हैं, लेकिन कुछ परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप अधिक है। जिस बारे में परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को भी निर्देश दिए हैं। सोमवार को हुई परीक्षा के दौरान जिले में नकल करते 24 परीक्षार्थी पकड़े गए, जिसके यूएमसी बनाए गए हैं।
-जिले सिंह शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।