हेल्पर से करा रहे थे मशीन ऑपरेटर का काम, अंगुली कटी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में हेल्पर से मशीन ऑपरेटर का काम कराते हुए मशीन चलवाई जा रही थी। साथ ही उसे सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए गए थे। जिससे हेल्पर का हाथ मशीन में आ गया और उसकी अंगुली कट गई। हेल्पर को अस्पताल में उपचार दिया गया। पुलिस ने हेल्पर के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी अवधेश सिंह ने बताया कि वह कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित फेज 5 स्थित कंपनी नंबर 118 में हेल्पर का काम करता है। उसने बताया कि उससे कंपनी के मालिक व मैनेजर द्वारा जबरन मशीन ऑपरेटर का काम लिया जा रहा था। उससे मशीन चलवाई जा रही थी। साथ ही उसे सुरक्षा उपकरण भी नहीं दिए गए थे। 15 जनवरी को जब वह मशीन चला रहा था तो इसी दौरान उसका हाथ मशीन में आ गया। इतना ही नहीं उसके हाथ की अंगुली पूरी तरह से कट गई। बाद में उसे रोहिणी दिल्ली के अस्पताल में उपचार दिलाया गया। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। कुंडली थाना पुलिस ने मालिक प्रमोद व मैनेजर रमन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अशोक लाकड़ा ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।