हाईवे पर युवक को गन प्वाइंट पर लेकर कार लूटी
अमर उजाला ब्यूरो
मुरथल/सोनीपत। गांव कुराड़ के पास स्थित सुखदेव ढाबे के सामने खड़े तीन दोस्तों को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाश उनकी आई-10 कार लूटकर फरार हो गए। युवक ढाबे पर खाना खाने आए थे। युवक के बयान पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एमएमटीसी कॉलोनी निवासी अर्पित लोचन ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब एक बजे वह अपने साथी रितिक के साथ मुरथल ढाबा पर खाना खाने आया था। वह अपनी आई-10 कार में सवार होकर आया था। उनके साथ उसका दोस्त अमन भी अपनी आई-20 कार में सवार होकर आया था। रात को खाना खाने के बाद अर्पित व रितिक ढाबे के सामने पानीपत-दिल्ली रोड पर जाकर खड़े हो गए। वह अमन के आने का इंतजार करने लगे। इसी बीच अमन भी वहां आ गया। जिसके बाद तीनों दोस्त रात करीब ढाई बजे सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत करने लगे। इसी बीच दिल्ली-पानीपत की तरफ से दो युवक उनके पास आए। उन्होंने आते ही तीनों को गन प्वाइंट पर ले लिया। उसके बाद आरोपियों ने उससे आई-10 कार की चाबियां छीन लीं। चाबी छीनने के बाद आरोपी कार लेकर दिल्ली की तरफ भाग गए। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जिस पर पुलिस ने अर्पित लोचन के बयान पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने में लगी है।
--
हाईवे पर सुखदेव ढाबे के सामने से कार लूट की शिकायत मिली थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
सतीश कुमार, जांच अधिकारी, थाना मुरथल