शराब पीकर रसोई में बैठकर खा रहे थे खाना, कहासुनी के बाद चाकू से की थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। गांव बली-ब्राह्मणान में यूपी के कैराना से मजदूरी करने आए युवक की हत्या के मामले में आरोपी उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कबूल किया है कि दोनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान पहले हुए झगड़े को लेकर कहासुनी हो गई और उसने रसोई में रखे सब्जी काटने के चाकू से उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया है।
यूपी के गांव कैराना का मोबिन (21) सप्ताह भर पहले अपने साथियों के साथ गांव बली ब्राह्माणान आया था। यहां निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे थे। उसके साथी कैराना के ही साबिर, उमर, सादिक व शराफत भी मजदूरी करते थे। शुक्रवार रात को मोबिन का पिता यामीन बेटे के पास आया था। रात को सभी छत पर सो रहे थे। वहीं मोबिन व शराफत नीचे आकर सो गए थे। इसी दौरान शराफत ने चाकू से वार कर मोबिन की हत्या कर दी थी। यामीन की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। उसने कहा था कि एक साल पहले हुई कहासुनी व पैसों के लेनदेन में उसके बेटे की हत्या की गई है।
मामले में कार्रवाई करते हुए एसआई कप्तान सिंह की टीम ने आरोपी शराफत को लाठ चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। वह भागने की फिराक में था। उसकी निशानदेही पर चाकू को बरामद कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात को शराब पी थी। उसके बाद वह रसोई में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान नशे में उसकी पुराने झगड़े को लेकर मोबिन से कहासुनी हुई तो उसने रसोई में रखे चाकू से उस पर वार दिया था। जिसमें उसकी मौत हो गई।
---
युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद वारदात को अंजाम देना कबूला किया है। चाकू बरामद करने के बाद उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
- सेठी मलिक, थाना प्रभारी, सदर गोहाना।