घर से सोने के आभूषण-नकदी और इनवर्टर बैटरी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर की दहिया कॉलोनी स्थित गली नंबर पांच की रहने वाली महिला के घर में घुसकर चोर सोने के आभूषण, नकदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। महिला का पति अपने पैतृक गांव में गया था और वह गाय बीमार होने के चलते अपने पशुबाड़े में चली गई। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
दहिया कॉलोनी की गली नंबर पांच निवासी पूनम ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसका पति अवधेश अपने पैतृक गांव यूपी के जिला गोंडा के गांव कुमेदानी गए थे। घर पर वह तथा उसका बेटा आशु थे। महिला ने बताया कि 30 जनवरी की रात को उसकी गाय बीमार हो गई। जिस पर वह अपने पशुवाड़े में चली गई। जिस पर वह वापस घर आई तो उनकी अलमारी से सामान बिखरा पड़ा था। उसने देखा तो पाया कि चोर उसके घर से इनवर्टर की दो बैटरी, ई-रिक्शा की तीन बैटरी, 15 हजार रुपये, सोने का मंगलसूत्र, कानों की बालियां, सोने की अंगूठी, चांदी की तीन जोड़ी पाजेब, वाशिंग मशीन व अन्य सामान चोरी कर ले गए। उसने आसपास पता किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। उसने अपने पति को मामले से अवगत कराया। अब पति के आने के बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी। सिटी थाना की सेक्टर-23 चौकी पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।