रोहतक की महिला से दुष्कर्म करने का आरोपी काबू
नामजद अधिवक्ता अभी फरार, छेड़खानी के आरोपी को पहले काबू कर चुकी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
राई। रोहतक की एक महिला से खेत में ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गांव सेवली निवासी राहुल है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस मामले में छेड़खानी करने के आरोपी जयबीर को पहले ही काबू कर चुकी है।
विदित रहे कि 15 नवंबर को रोहतक की रहने वाली महिला ने राई थाना में शिकायत दी थी कि उसके बेटे के खिलाफ सोनीपत न्यायालय में केस चल रहा है। जिसमें उसे अपने बेटे की जमानत करानी थी। जमानत के लिए उसने अधिवक्ता दिनेश से संपर्क किया था। उसने दिनेश को केस से जुड़े कागजात मुहैया कराए थे। उसके बेटे की जमानत नहीं हो सकी थी। जिसके चलते उसने दिनेश को अपने कागजात वापस देने को कहा था। वह 9 नवंबर को बहालगढ़ आ गई थी। यहां से दिनेश का साथी राहुल उसे बाइक पर यमुना के पास ले गया था। वहां पर उसके साथ राहुल व दिनेश ने दुष्कर्म किया था। जयबीर ने छेड़खानी की थी। पुलिस ने मामले में जयबीर को गिरफ्तार कर लिया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को एएसआई सुमन की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले में आरोपी अधिवक्ता की तलाश कर रही है।
वर्जन
महिला ने गैंगरेप व छेड़खानी का आरोप लगाया था। जिसमें दुष्कर्म करने के एक आरोपी को काबू किया है। पुलिस मामले में छेड़खानी करने के एक आरोपी को पहले काबू कर चुकी है।
एएसआई सुमन, जांच अधिकारी, थाना राई।