एक माह में छह बाइक, नकदी और मोबाइल लूटे, तीन आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। महज 15 मिनट में सदर और गन्नौर थाना क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालक व एसी मेेकेनिक पर हमला कर लूटपाट करने के मामले में सीआईए ने तीन आरोपियों को काबू कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से लूटपाट की चार अन्य वारदात सुलझी है। गिरफ्तार आरोपी गांव कामी निवासी जयदीप, जयदीप उर्फ जग्गा व कमल हैं। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद कर ली है।
सीआईए इंस्पेक्टर इंदीवर ने बताया कि गांव थरिया निवासी जाहुल ने 10 जुलाई को शिकायत दी थी कि वह पुरखास रोड पर महक के नाम से मेडिकल स्टोर चलाता है। वह 9 जुलाई की रात को करीब दस बजे मेडिकल स्टोर से अपने घर जा रहा था। गांव के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उस पर डंडे से हमला कर मोबाइल फोन, 17 हजार रुपये की नकदी और बाइक छीन ली थी। सदर थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया था। इसी दिन जाहुल से हुई वारदात के 15 मिनट बाद एसी मेकेनिक कप्तान व उसके भाई सतपाल पर हमला कर लूटपाट की थी। बदमाशों ने उनसे बाइक, मोबाइल फोन छीन लिए थे। इस संबंध में गन्नौर थाना में मामला दर्ज किया था। एसपी ने मामले की जांच सीआईए को सौंपी थी। सीआईए में नियुक्त एसआई प्रेम कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए जयदीप, जयदीप उर्फ जग्गा व कमल को लूूटी गई बाइक व मोबाइल समेत काबू कर लिया। आरोपियों के बताए अनुसार लूटी गई नकदी को भी बरामद कर लिया गया। आरोपियों ने जाहुल के साथ कप्तान से लूटपाट भी कबूल की। उसकी बाइक व मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
---
चार अन्य लूट की वारदात सुलझी
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में लूट की चार अन्य वारदात सुलझी हैं। आरोपियों ने महज एक माह में सभी वारदातों को अंजाम दिया है। सदर व गन्नौर थाना क्षेत्र के अलावा मुरथल थाना क्षेत्र में धतूरी, मलिकपुर, ताजपुर के पास से चार बाइक लूटपाट को कबूला है। पुलिस ने लूटी गई चारों बाइक बरामद कर ली हैं। आरोपियों को अदालत में पेश किया, यहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
---
लूटपाट के साथ करते थे मारपीट
गिरफ्तार आरोपी लूटपाट के साथ ही बुरी तरह से मारपीट भी करते थे। सीआईए निरीक्षक इंदीवर ने बताया कि इन्होंने कप्तान व जाहुल को बुरी तरह से पीटा था। कप्तान को पीजीआई रोहतक में रेफर करना पड़ा था। आरोपी लोगों में दहशत फैला रहे थे। जिसके बाद इनकी गिरफ्तारी को जाल बिछाया गया और आरोपियों को मुरथल बाईपास रोड पर गांव थरिया के पास से काबू किया गया।