अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर के दिल्ली रोड पर एक दुकानदार पर चार युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों का दुकानदार से कार खरीदने को लेकर झगड़ा हुआ था। दुकानदार के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
खान कालोनी निवासी कादर खान ने पुलिस को बताया कि उसकी दिल्ली रोड पर टीवीएस कंपनी के शोरूम के सामने खान मोटर्स के नाम से दुकान है। उसने बताया कि करीब एक माह पहले गांव गुमड़ निवासी मोहित उसकी दुकान पर आया था। मोहित से उसने कार खरीदने को लेेकर 30 हजार रुपये में सौदा किया था। उसने 10 हजार रुपये दे दिए थे। साथ ही मोहित को कार की आरसी देने को कहा था। जिसके बाद बकाया राशि देने की बात हुई थी। बुधवार को मोहित उसकी दुकान पर अपने तीन साथियों के साथ आया था। उसने उसे आरसी देने को कहा तो उसने आरसी नहीं दी। जिस पर उसने कार लौटा दी और पैसे वापस ले लिए। पैसे देने के बाद मोहित ने उसके साथ झगड़ा कर दिया। साथ ही धमकी देकर फरार हो गए। कादर खान ने बताया कि रात को मोहित अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर आया और उस पर हमला कर दिया। उन्होंने उसे बुरी तरह से पीटकर घायल कर दिया। आसपास के अन्य लोगों के आने के बाद वह धमकी देकर फरार हो गए। कादर खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच के बाद मोहित व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।