चौथ मांगने वाले मास्टर माइंड गाठा को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कबूली वारदात, पेरोल खत्म कर अदालत ने भेजा जेल
दो व्यापारियों से 50-50 लाख की चौथ मांगने का मामला
मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया
घटना की शाम को ही 42 दिन की पेरोल पर बाहर आया था साजिशकर्ता गाठा
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना।
शहर में दो व्यापारियों से फायरिंग कर 50-50 लाख रुपये की चौथ मांगने के मामले से पर्दा उठाने के बाद पुलिस ने मामले के मास्टर माइंड गोहाना निवासी कृष्ण उर्फ गाठा को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल 42 दिन की पेरोल लेकर जेल से बाहर आया है। आरोपी ने चौथ मांगने के मामले में अपनी संलिप्तता कबूल की है। अदालत ने उसकी पेरोल खत्म कर उसे वापस हिसार जेल भेज दिया। वहीं पुलिस ने चौथ मांगने के मामले में गिरफ्तार किए तीन आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। जिससे मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटाने के साथ ही इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
गोहाना में आत्माराम गिरीराज फर्म के मालिक अनिल गोयल व देशी घी की जलेबियों के लिए देश-प्रदेश में मशहूर मातूराम राजेंद्र कुमार फर्म के बाहर 13 जुलाई को फायरिंग कर 50-50 लाख रुपये की चौथ मांगी गई थी। जिसमें गठित पांच टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों खानपुर कलां निवासी अनुज, करेवड़ी निवासी इंद्रजीत व हरसाना कलां निवासी अमित उर्फ मोटा को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने गोहाना निवासी कृष्ण उर्फ गाठा के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था। कृष्ण उर्फ गाठा हत्या के मामले में सजा काट रहा है और 13 जुलाई की शाम को ही 42 दिन की पेरोल लेकर जेल से बाहर आया था। कृष्ण ने पिछले दिनों सोनीपत कोर्ट से हत्या के मामले में सोनीपत जेल में सजा काट रहे अपने साथी संदीप को चौथ मांगने के लिए दोनों व्यापारियों के नाम बताए थे। जिस पर संदीप ने कुछ दिन पहले पेरोल पर आने के बाद अनुज, अमित, इंद्रजीत व एक अन्य को चौथ मांगने के लिए तैयार किया था। चारों कृष्ण उर्फ गाठा के गुर्गे हैं। उन्होंने 13 जुलाई को कृष्ण के पैरोल पर आने से पहले ही फायरिंग कर चौथ मांगने की चिट्ठी फेंक दी थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पेरोल पर आए कृष्ण उर्फ गाठा को काबू कर लिया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही उसे पूछताछ के बाद मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां उसकी पैरोल खत्म कर वापस हिसार जेल भेज दिया गया। वहीं गिरफ्तार तीन अन्य आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
मामले में मुख्य साजिशकर्ता को काबू कर उससे पूछताछ की गई है। अदालत ने उसकी पैरोल बीच में ही खत्म कर दी है। उसे जेल भेज दिया गया है। उसके तीन साथियों को रिमांड पर लिया गया है। जल्द ही उनके अन्य साथी भी गिरफ्तार किए जाएंगे। मामले में कई अन्य की संलिप्तता उजागर हो सकती है।
राजीव देशवाल, डीएसपी गोहाना।
फोटो : 14 : गोहाना पुलिस चौथ मांगने के मामले में पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश करने ले जाते हुए।