हत्यारोपी सरपंच से वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। पिपली गांव के निलंबित सरपंच रामनिवास से एसआईटी ने रिमांड के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार को बरामद कर लिया है। हथियार को रामनिवास के घर बरामद किया गया है। जिसके बाद बुधवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं टीम अब मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जुट गई है।
विदित रहे कि गांव पिपली निवासी दलजीत ने 24 जून को पुलिस को शिकायत दी थी उसके भतीजे आशीष की गोली मारकर हत्या की गई है। वह अपने भतीजे के साथ गांव कुंडल स्थित जिम में गया था। इसी दौरान गांव के सरपंच रामनिवास ने अपने दो साथियों के साथ आकर उसके भतीजे को गोली मार दी थी। मामला आरटीआई से जुड़ा हुआ है, इसी को लेकर पूर्व सरपंच ने गांव के युवकों को मारने की धमकी दे रखी थी। मामले में एसआईटी सोनीपत में नियुक्त एएसआई जितेंद्र ने रामनिवास को सुखदेव ढाबे के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया था। जिसमें आरोपी ने अपने साथियों की जानकारी देने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियार के बारे में भी जानकारी दी। जिसे टीम ने रामनिवास के पिपली स्थित घर से बरामद कर लिया है।