राजकीय स्कूल से 24 कंप्यूटर सेट व अन्य सामान चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव भठगांव के राजकीय स्कूल में घुसकर चोर करीब 24 कंप्यूटर सेट, मोडम, इंटरनेट व अन्य सामान चोरी कर ले गए। स्कूल पहुंचे स्टाफ सदस्यों ने प्राचार्य को चोरी से अवगत कराया। जिस पर पुलिस को शिकायत दी गई। सदर थाना पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। प्राचार्य ने स्कूल के चौकीदार से स्पष्टीकरण भी मांगा है।
गांव भठगांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य सरोज बाला ने बताया कि शनिवार सुबह स्कूल के स्टाफ ने स्कूल में चोरी की सूचना दी। जिस पर वह तुरंत स्कूल में पहुंची। उन्होंने देखा कि सामान बिखरा पड़ा था। कमरों के गेट पर लगी कुंडी तोड़ी गई थी। चोर स्कूल की कंप्यूटर लैब में रखे 24 कंप्यूटर सेट, प्राचार्य व क्लर्क के कमरों में रखी तीन अलमारियों का सामान, कागजात, इंटरनेट, मोडम व कई अन्य सामान चोरी कर ले गए। इस पर मामले से पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। स्कूल की प्राचार्य सरोजबाला ने बताया कि स्कूल में सुरक्षा के लिए चौकीदार को नियुक्त किया गया है। उसके बावजूद चोरी की वारदात हो गई। इसे लेकर चौकीदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है।