अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गन्नौर के युवक को प्रधानमंत्री रोजगार योजना के नाम पर लोन दिलाने के बहाने उसके कागजात लेकर करोड़ों का खेल करने वाले ठगों की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आर्थिक अपराध शाखा ने इस मामले से पर्दा उठाया था। गिरफ्तार आरोपी काठ मंडी सोनीपत निवासी नरेंद्र के खुलासे के बाद अब पुलिस ने मामले में मास्टर माइंड सीए की तलाश तेज कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
गन्नौर निवासी सौरभ कुमार ने 13 नवंबर को सिटी थाना में शिकायत दी थी कि सोनीपत निवासी नरेंद्र, बिजेंद्र व नवीन से उसकी पहचान थी। उन्होंने उसे प्रधानमंत्री रोजगार योजना के तहत लोन दिलाने का झांसा दिया था। उन्होंने पांच प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। जिस पर उसने अपने पहचान पत्र व अन्य कागजात आरोपियों को दिए थे। इन्हीं कागजात के बल पर आरोपियों ने करीब 200 नकली फर्म खोलकर नोटबंदी में लोगों के कालेधन को सफेद किया था। इसकी एवज में आरोपियों ने अपना कमीशन लिया था। जब उसे लोन नहीं मिला तो वह आरोपियों के चक्कर काटने लगा था। तब आरोपियों ने उसके फोटो लगे पैन कार्ड पर उसके हस्ताक्षर कराने चाहे थेे। तब उसे पता लगा कि फोटो तो उसका है, लेकिन नाम किसी अन्य का है। उसे शक हो गया और उसने जांच कराई थी। जिसमें पता लगा था कि उसके पैन कार्ड पर वैट की फर्म खोल रखी है। जिसे अक्तूबर, 2016 में चालू किया गया। यह खाता किसी अन्य के नाम पर चलाकर इससे फर्जी बिलिंग व टैक्स चोरी किए जाने का खुलासा हुआ था। तब उसने पुलिस को शिकायत दी थी।
पुलिस ने मामला आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दिया था। जिस पर आर्थिक अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए नरेंद्र को 21 नवंबर को गिरफ्तार किया था। उसके बाद से उसे पहले 3 दिन व बाद में फिर से 5 दिन के रिमांड पर लिया गया है। मामले में जांच कर आर्थिक अपराध शाखा को इस मामले में एक मास्टर माइंड का पता लगा है जो सीए है। पुलिस सीए को गिरफ्तार करने के लिए राजस्थान के कोटपूतली पहुंच गई है। जिसकी गिरफ्तारी के बाद कई खुलासे हो सकते है।
पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
इस मामले में पुलिस की टीम स्वयं जांच में जुटी है। करोड़ों का हेर-फेर सामने आने व नोटबंदी के दौरान भारी गोलमाल का पता लगने के बाद भी इस मामले में इनकम टैक्स व सेल्स टैक्स की टीमों को शामिल नहीं किया जाना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़ा कर रहा है। हालांकि पुलिस कहना है कि जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार अन्य टीमों की मदद ली जाएगी।
धोखाधड़ी के मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर काम हो रहा है। टीम फिलहाल आरोपियों की तलाश में राजस्थान में दबिश दे रही है। यहां शनिवार को छुट्टी के चलते कई कार्यालय बंद है। सोमवार को कार्यालयों में जाकर मामले से जुड़े सबूत जुटाए जाएंगे।
- एसआई सत्यनारायण, आर्थिक अपराध शाखा, सोनीपत।