हादसों में महिला सहित दो की मौत
खरखौदा। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव हसनगढ़ निवासी कपिल व मोहन बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जब वह खरखौदा-दिल्ली मार्ग पर पहुंचे तो इसी दौरान कार ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों घायल हो गए। इसी बीच वहां से कार में सवार होकर गुजर रहे गांव हसनगढ़ निवासी प्रीतम कपूर ने दोनों युवकों को देखा तो अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्रीतम के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरे मामले में गांव बरोणा के पास कार की टक्कर से ट्रैक्टर सवार महिला किताबो की मौत हो गई और उसका बेटा प्रकाश घायल हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो