गन्नौर/खरखौदा/राई। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
बाइक और स्कूटी की टक्कर में दंपती की मौत
प्रथम घटना में गांव खुबडू निवासी संगीता अपने पति अमित के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थी। वहीं स्कूटी पर गांव पांची निवासी संदीप व बलबीर आ रहे थे। जब वह गन्नौर-शाहपुर रोड पर गुमड़ गांव के पास पहुंचे तो बाइक और स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार संगीता की मौत हो गई और उसका पति अमित घायल हो गया। वहीं स्कूटी चालक संदीप व बलबीर भी घायल हो गए। घायल अमित व बलबीर को सामुदायिक केंद्र में उपचार दिलवाया गया। बाद में उन्हें खानपुर रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान अमित की भी मौत हो गई। गन्नौर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टक्कर से कार चालक की मौत, बाइक सवार घायल
वहीं गांव हलालपुर के पास बाइक व कार की टक्कर में कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई और बाइक सवार की हालत गंभीर बनी हुई है। बहादुरगढ़ के नेहरू पार्क क्षेत्र का रहने वाला हरिकिशन (52) कंपनी में काम करता था। वह कंपनी के काम से शनिवार देर शाम कार में सवार होकर जा रहा था। हलालपुर के पास एक बाइक सवार ने कार का टक्कर मार दी। हादसे में हरिकिशनऔर बाइक सवार संजीत घायल हो गए। दोनों घायलों को पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया गया। जहां पर इलाज के दौरान हरिकिशन की मौत हो गई। पुलिस ने उसके भाई बिजेंद्र के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जीटी रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
उधर, जीटी रोड पर गांव कुमासपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस के अनुसार व्यक्ति की उम्र करीब 40 वर्ष है। जांच अधिकारी सुमित ने बताया कि व्यक्ति सफेद पाजामी और सफेद लाइनदार कमीज पहने था।
केएमपी पर केंटर की टक्कर से ट्राला चालक गंभीर रूप से घायल
एक अन्य हादसे में खरखौदा के पास केएमपी पर ट्राला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपी के मेरठ के गांव सरधना का रहने वाला शाहनवाज का कहना है कि एक ट्राला पर बतौर हेल्पर काम करता है। वह चालक शामली के गांव ममोर निवासी आरिफ के साथ दादरी से लोनी बार्डर, गाजियाबाद जा रहा था। पिपली टोल प्लाजा के पास अचानक ट्राला बंद हो गया। आरिफ नीचे उतरकर देखने लगा तो एक कैंटर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां से उसे दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।