क्रूजर ने कार को मारी टक्कर, एक्साइज एसआई समेत दो की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना (सोनीपत)। रोहतक-गोहाना एनएच-709 पर गांव रुखी के पास विपरीत दिशा से आ रही क्रूजर ने आल्टो कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सड़क पर पलट गई और कार सवार एक्साइज विभाग के एसआई समेत दो युवकों की मौत हो गई। उनके दो साथी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। चारों साथी कार में सवार होकर रोहतक से चंडीगढ़ जा रहे थे। पुलिस ने क्रूजर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
रोहतक के आर्यनगर का रहने वाला ईशान अपने साथी भगत कॉलोनी निवासी पीयूष, सुभाष नगर निवासी गौतम व प्रताप मोहल्ला किला रोड निवासी गौरव के साथ आल्टो कार में चंडीगढ़ जा रहा था। चारों चंडीगढ़ में कार्यरत है और ड्यूटी पर जाने के लिए सोमवार को रोहतक से निकले थे। ईशान चंडीगढ़ एक्साइज विभाग में एसआई के पद पर तथा पीयूष, गौतम व गौरव आईटी विभाग में कार्यरत है। वह सोमवार को रोहतक से सुबह छह बजे चंडीगढ़ के लिए गौरव की आल्टो गाड़ी लेकर निकले थे। जब वह रोहतक रोड पर गांव रुखी के पास पहलवान ढाबे के निकट पहुंचे तो इसी दौरान सामने से विपरीत दिशा से आ रहे एक क्रूजर चालक ने उनकी कार को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। हादसे में ईशान व पीयूष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गौरव व गौतम घायल हो गए। घायलों को गांव खानपुर कलां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक क्रूजर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने गौतम के बयान पर क्रूजर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम के दौरान गमगीन रहा माहौल
ईशान व पीयूष के परिजन उनके शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए सामान्य अस्पताल में आए थे। वहां पर परिजनों के आंसू नहीं रुक रहे थे, जिससे माहौल गमगीन हो गया। उनके साथ आए लोगों ने परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
गलत दिशा से आ रहा था क्रूजर चालक
क्रूजर चालक के गलत दिशा से सामने आने के चलते हादसा हुआ। चारों साथी कार से चंडीगढ़ जा रहे थे। उन्हें पता नहीं था कि कुछ देर बाद एक हादसे में उनके दो साथियों की जान चली जाएगी। वह आराम से अपनी कार लेकर जा रहे थे कि सामने से गलत दिशा से अचानक आए क्रूजर चालक ने उनकी जिंदगी को लील लिया।
क्रूजर चालक ने गलत दिशा से आकर आल्टो कार को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में कार पलट गई और कार सवार दो युवकों की मौत हो गई व दो घायल हो गए। क्रूजर को कब्जे में लेकर उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
चांद सिंह, चौकी प्रभारी, भैंसवान खुर्द