बीमा पॉलिसी के नाम पर पांच लाख रुपये ठगे
गोहाना। गांव बुटाना निवासी एक व्यक्ति ने बीमा पॉलिसी करने के नाम पर 4 लाख 94 हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया है। व्यक्ति ने मामले की शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बुटाना निवासी सत्यनारायण ने बताया कि उसने एचडीएफसी बैंक शाखा में लाइफ इंश्योरेंस की दो पॉलिसी करा रखी थी। जिनकी एक-एक किस्त जमा कराई गई थी। उन्होंने कहा कि उनके पास एक दिन आईआरडीए से साहिल बजाज व अंकित शर्मा का फोन आया और उन्होंने कहा कि वह उसकी पॉलिसी चालू करवा देंगे। लेकिन सिक्योरिटी भरनी पड़ेगी। सत्यनारायण ने बताया कि उनके कहे अनुसार एजेन लाइफ बीमा, रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस में सिक्योरिटी भर दी। उन्होंने उसकी पॉलिसी कर दी। जिसके बाद अलग-अलग लोगों ने उनसे पॉलिसी के पैसे लेने के नाम पर 4 लाख 94 हजार रुपये जमा करा दिए। बाद में उसे पता लगा कि उसके साथ ठगी की गई। उसके पास फोन करने वालों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।