गोहाना में जेई को थप्पड़ मारने वाले एसडीओ के खिलाफ एकत्र हुए जेई, धरना देकर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। महम रोड स्थित पावर हाउस में शुक्रवार रात को जेई को एसडीओ द्वारा थप्पड़ मारने के मामले में सोमवार को धरना देने के बाद समझौता हो गया। जेई के समर्थन में डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन, एससी और बीसी कर्मचारी एसोसिएशन ने धरना दिया था। बाद में निगम के एक्सईएन राजीव आनंद ने दोनों पक्षों में बातचीत कराई और लिखित में समझौता कराकर विवाद को समाप्त करा दिया।
विदित रहे कि शुक्रवार को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के गोहाना सिटी सब डिवीजन के एसडीओ पर जेई बिजेंद्र ने बुलाकर गाली-गलौच करने के बाद थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था। यह मामला शनिवार को सोनीपत परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार की अध्यक्षता में हुई जिला कष्ट निवारण कमेटी की बैठक में भी उठा था। उस समय डीसी विनय सिंह ने एक्सईएन राजीव आनंद को मामले की जांच करने के आदेश दे दिए थे। सोमवार को डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप खोखर और सोनीपत जिलाध्यक्ष दिलबाग ढिल्लो, एससी और बीसी कर्मचारी यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष आरके कटारिया, राम कुमार माहरा के नेतृत्व में पावर हाउस में धरना शुरू कर दिया था। बाद में कर्मचारी यूनियन नरम रवैया अपनाते हुए एक्सईएन राजीव आनंद के कार्यालय में बातचीत करने के लिए तैयार हो गई। पहले दौर की बातचीत सिरे नहीं चढ़ सकी। जिस पर चेतावनी दे दी गई कि धरना अनिश्चितकाल के लिए रखा जाएगा। इसके बाद एक्सईएन राजीव आनंद एसडीओ साथ धरना स्थल पर पहुंचे जहां बातचीत के बाद लिखित में समझौता हुआ और धरना समाप्त कर दिया गया। समझौते में एसडीओ व जेई ने अपनी गलती मानी और विवाद समाप्त करने की बात कही।